Header Ads

test

कलेक्ट्रेट के सभागार से ग्रामीण दीदियों ने ऑनलाइन सुना मुख्यमंत्री का उदबोधन

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर जिले के 53 महिला स्व-सहायता समूहों के 

खातों में पहुँचाई 53 लाख की राशि 

भोपाल में आयोजित हुए कार्यक्रम से एक क्लिक के जरिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के महिला स्व-सहायता समूहों के खातों में पहुँचाई 200 करोड़ रूपए की राशि 




ग्वालियर 08 मार्च 2021/ ग्वालियर जिले में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित 53 महिला स्व-सहायता समूहों के खातों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से 53 लाख रूपए की राशि (कैश क्रेडिट लिमिट) पहुँचाई। भोपाल में आयोजित हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एक क्लिक के जरिए प्रदेश भर के स्व-सहायता समूहों के खातों में कुल मिलाकर 200 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता पहुँचाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए श्योपुर व शिवपुरी जिले सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी सफलता की दास्तां सुनीं। साथ ही समूह की दीदियों का उत्साहवर्धन भी किया। 



ग्वालियर जिले के ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार से बड़ी स्क्रीन के जरिए ऑनलाइन प्रसारित मुख्यमंत्री का उदबोधन सुना और कार्यक्रम में सहभागी बने। जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव एवं कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने समूहों की दीदियों को कैश क्रेडिट लिमिट के रूप में प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री किशोर कान्याल व अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. विजय दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण स्व-सहायता समूहों से जुडीं दीदी मौजूद थीं। 



जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव का किया सम्मान 

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुए कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव का सम्मान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में भाग लेने आईं सभी महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। 


कोई टिप्पणी नहीं